छत्तीसगढ़

दिशा समिति की बैठक में सांसद कमलेश जांगड़े ने विकास कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लंबित विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर दिया जोर

जांजगीर-चांपा। लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों की प्रगति तथा विभागीय गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

सांसद कमलेश जांगड़े ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने और आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, स्वामित्व योजना, आरसेटी, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने और आवास निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

सड़क निर्माण एवं रखरखाव की समीक्षा के दौरान उन्होंने खराब और क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा। सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने, नेशनल हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर संकेतक और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा जर्जर भवनों की मरम्मत कराने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, आम नागरिकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और जीवनदीप समिति की नियमित बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। वहीं आरसेटी के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की बात कही।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने, विद्यालयों में शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था करने तथा मध्यान्ह भोजन योजना में गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सांसद ने प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना की भी समीक्षा की और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विकास संबंधी मांगों एवं जनसमस्याओं को रखा। सांसद ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक जांजगीर-चांपा श्री ब्यास कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, श्री गुलजार सिंह सहित विभिन्न नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, सरपंच, जनप्रतिनिधि, दिशा समिति के सदस्य तथा जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button