‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन के तहत चांपा में कांग्रेस की पदयात्रा, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन

तहसीलदार को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन, निर्वाचन आयुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की मांग; जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल और विधायक व्यास कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन हुए शामिल
चांपा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जनआंदोलन के द्वितीय चरण के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चांपा द्वारा अध्यक्ष सुनील साधवानी के नेतृत्व में पदयात्रा एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, विधायक व्यास कश्यप और प्रदेश सचिव गिरधारी यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।





कार्यक्रम की शुरुआत बाबू बालोद्यान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं नमन के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेसजनों ने शहर के प्रमुख मार्गों से पदयात्रा निकाली, जो ‘हमर चांपा’ पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार चांपा को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध उठाए गए मुद्दों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा: राजेश अग्रवाल
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्ष करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन के तहत चांपा में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है।
मताधिकार की रक्षा ही मुख्य उद्देश्य: विधायक व्यास कश्यप
विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि मताधिकार की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखना कांग्रेस का प्रमुख उद्देश्य है। महात्मा गांधी के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से पार्टी ने अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
सड़क से सदन तक लोकतंत्र की लड़ाई: गिरधारी यादव
प्रदेश कांग्रेस सचिव गिरधारी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग की जवाबदेही तय होना आवश्यक है।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान जिला महामंत्री नागेन्द्र गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष हरीश पाण्डेय, पार्षद दुर्गा कुर्रे, मंडल अध्यक्ष अनिल मोदी और वरिष्ठ कांग्रेसी हरदयाल कंवर सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चांपा के अध्यक्ष सुनील साधवानी ने किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री सेवक देवांगन, वरिष्ठ कांग्रेसी कृष्णराव भूरे, हरदयाल तंवर, उमेश तिवारी, हरीश श्रीवास, शिवदयाल कर्ष, शांति सोनी, अनिता प्रकाश, शमिष्ठा कंसारी, लता श्रीवास, समद बेग, माणिक मसीह, हेमंत सोनी, डुग्गू प्रधान, पार्षद तमिंद्र देवांगन, अनिल रात्रे, पवन साहू, ललित देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन, गिरधर देवांगन, शाश्वतधर दीवान, राज अग्रवाल, पंकज शुक्ला, बलबीर सिंह ढिल्लो, आसन दीवान, अंजुम अंसारी, राजेश्वर मिश्रा, राजू शर्मा, विपिन देवांगन, सुरेश देवांगन, रंजन कैवर्त, स्वाति बंसियार, श्यामबाई, संतोष अनंत, बहादुर यादव, ओम देवांगन, एकांश तिवारी, चंद्रकांत साहू, भागीरथी दुबे, संजय देवांगन, राकेश जोशी, जफर अंसारी, अरुण देवांगन, संजय साधवानी, इकबाल अंसारी, हासिम खान, एम.डी. अंसारी, महमूद अंसारी, पुनीराम देवांगन, राजू मुर्तुजा, मुस्तकिम कुरैशी, राजा अहमद, ओमप्रकाश बढ़ाई, विष्णु गाड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।




