जनशिकायतों से लेकर विकास कार्यों तक कलेक्टर की नजर, अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

2 नवंबर को जांजगीर में सजेगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी आयोजन की थीम
जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर 2026। जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों, सड़क निर्माण, जिला अस्पताल की सुविधाओं और विभिन्न शासकीय पोर्टलों पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

राज्योत्सव की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर होने वाले इस आयोजन के लिए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सुरक्षा, मंच, बैठक व्यवस्था, बिजली और पेयजल सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। उन्होंने 1 से 3 नवंबर तक सभी शासकीय भवनों में रात्रिकालीन रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि को बताया जरूरी
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल पोर्टल पर दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है। शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समस्या के वास्तविक समाधान पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निराकरण के बाद शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर फीडबैक लेने तथा सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़कों और अस्पताल का होगा औचक निरीक्षण
सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन करने, निर्माण स्थलों पर संकेतक लगाने और आम नागरिकों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने सड़क निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने, जलभराव रोकने तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। हाउसिंग बोर्ड के निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जांच के लिए भी निरीक्षण किया जाएगा।
जिला अस्पताल के संबंध में कलेक्टर ने चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति, जांच सुविधाओं के सुचारु संचालन और चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए अस्पताल का औचक निरीक्षण करने की बात कही।
योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा
बैठक में सेवा सेतु पोर्टल के समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों तथा सुघ्घर छत्तीसगढ़ पोर्टल की प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही 30 अक्टूबर को कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित होने वाले पीएम किसान उत्सव और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, प्रमोद गुप्ता, आर.के. तंबोली, बीरेन्द्र लकड़ा सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



