जांजगीर-चांपा को मिलेगी विकास की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे 295 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

पोंड़ी (राछा) में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम, 341 विकास कार्यों की रखी जाएगी आधारशिला
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय रविवार 14 जून को जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) में आयोजित विशाल कार्यक्रम में जिले के लिए 295 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम में मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वीकृत 341 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 159 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण और 182 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं पर कुल 295 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है।
जिले में जिन प्रमुख विभागों के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा, उनमें जल संसाधन, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह निर्माण मंडल, वन विभाग तथा सीजीएमएससी शामिल हैं।
इन विकास कार्यों के माध्यम से जिले में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, सिंचाई, ग्रामीण अधोसंरचना और नगरीय सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है। प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और आमजन की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।




