

जोंगरा गांव में घर में घुसकर पूर्णिमा चौहान की हत्या, करही के आयुष कश्यप हत्याकांड के बाद फिर दहला जिला
सक्ती। सक्ती जिले में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी की वारदात को अंजाम देकर पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा में अज्ञात हमलावर घर में घुसे और पूर्णिमा चौहान पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा चौहान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, थाना पुलिस एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
यह कोई पहली घटना नहीं है। करीब दो महीने पहले करही गांव में भी आयुष कश्यप की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब जोंगरा में हुई इस वारदात ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। चर्चा इस बात की भी है कि आखिर अपराधियों तक हथियार कैसे पहुंच रहे हैं और क्या इसके पीछे कोई संगठित अवैध हथियार नेटवर्क सक्रिय है। हालांकि इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, आरोपियों की पहचान और उनके संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कब तक होता है और पुलिस अपराधियों तक कितनी जल्दी पहुंचती है।




