खाद-बीज संकट और किसान समस्याओं पर गरजी किसान कांग्रेस, 9 सूत्रीय मांगों को लेकर किया कलेक्ट्रेट घेराव






जांजगीर-चांपा। जिले में खाद-बीज की कमी, कृषि संबंधी समस्याओं एवं प्रदेश सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों के विरोध में जिला किसान कांग्रेस कमेटी, जांजगीर-चांपा के नेतृत्व में गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता कचहरी चौक में एकत्रित हुए, जहां धरना-प्रदर्शन के बाद रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं किसान प्रतिनिधियों ने किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, कृषि ऋण सीमा बढ़ाने, कृषि उपज का उचित मूल्य एवं एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित करने सहित विभिन्न मांगों को जोरदार ढंग से उठाया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों को खेती-किसानी में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की। किसान कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल एवं पूर्व अध्यक्ष दिनेश शर्मा, बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रामकुमार पटेल, प्रदेश सचिव गिरधारी यादव, संदीप यादव, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील साधवानी, रामबिलास राठौर, गौरव सिंह, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य लोकेश राठौर, किसान कांग्रेस प्रदेश महामंत्री हुसैन, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमल साव, गोपाल गुलशन सोनी भगवान दास गड़ेवाल, हरीश पांडेय सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन, किसान कांग्रेस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांग पत्र प्रशासन को सौंपते हुए किसानों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण एवं किसान हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।


