खरीफ सीजन में कृषि विभाग का शिकंजा, खाद गोदाम सील, बीज बिक्री पर भी गिरी गाज



निरीक्षण में मिलीं कई अनियमितताएं, 213 बोरी उर्वरक जब्त कर गोदाम किया सीलबंद
जांजगीर-चांपा। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जिले में निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में कृषि विभाग की टीम ने पामगढ़ विकासखंड के खरौद स्थित एक उर्वरक विक्रेता के यहां औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण में रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर मिलने सहित कई अनियमितताएं सामने आने पर विभाग ने गोदाम को सील कर दिया और बड़ी मात्रा में उर्वरक जब्त कर लिया।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने विकास ट्रेडर्स, खरौद के उर्वरक भंडारण एवं विक्रय प्रतिष्ठान की जांच की। जांच के दौरान पॉस मशीन में दर्ज खाद के स्टॉक और गोदाम में उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान नहीं पाया गया। साथ ही प्रतिष्ठान में मूल्य सूची, लाइसेंस और निर्धारित दरों का बोर्ड भी नियमानुसार प्रदर्शित नहीं था।
नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए विभाग ने गोदाम में रखे कुल 213 बोरी उर्वरक को जब्त कर सीलबंद कर दिया। जब्त किए गए उर्वरकों में सिंगल सुपर फॉस्फेट, ट्रिपल सुपर फॉस्फेट, एनपीके एवं यूरिया शामिल हैं।
इसी अभियान के तहत राहौद स्थित गायत्री कृषि सेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। यहां बिना वैध स्रोत प्रमाण-पत्र के बीज विक्रय किए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 76.75 क्विंटल बीज के विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया।
कृषि विभाग का कहना है कि खरीफ सीजन में खाद-बीज की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमित विक्रय पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिलेभर में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी विक्रेता को बख्शा नहीं जाएगा।




