मारुति विहार की वर्षों पुरानी मांग पूरी, 10.37 लाख की लागत से सड़क निर्माण शुरू


नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव व पार्षदों ने नारियल फोड़कर किया भूमि पूजन, क्षेत्रवासियों में खुशी
चांपा। मारुति विहार क्षेत्र के वार्डवासियों की वर्षों पुरानी सड़क निर्माण की मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, उपाध्यक्ष अमरजीत खटकर, पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।
लोक निर्माण विभाग के सभापति संजय सोनी ने बताया कि नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की घोषणा के अनुरूप 10.37 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क खराब होने के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पालिकाध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद मारुति विहार सहित आसपास के नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। बारिश के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को विशेष परेशानी होती थी। वार्डवासियों की लगातार मांग को देखते हुए सड़क निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसकी स्वीकृति मिलने के बाद अब कार्य प्रारंभ किया गया है।
क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी
मारुति विहार निवासी राजेश अहीर ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और आसपास के नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। वर्षों से लंबित मांग पूरी होने पर नागरिकों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पालिका उपाध्यक्ष अमरजीत खटकर, पार्षद महेंद्र तिवारी, पुरुषोत्तम देवांगन, ललित देवांगन, भगवंतिन साहू, रामरतन साहू, संत सोन्त, पवन पाठक, भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष थवाईत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




