चांपा में रेलवे की जमीन पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त






नोटिस के बावजूद जारी था निर्माण, रेलवे प्रशासन ने पुलिस-राजस्व अमले की मौजूदगी में की कार्रवाई; 10 सितंबर को फिर चलेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान
चांपा। नगर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ अब रेलवे प्रशासन ने भी सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार, 5 सितंबर को रेलवे प्रशासन की टीम ने अंडरब्रिज के समीप रेलवे की जमीन से सटाकर किए जा रहे कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी और चांपा पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
जानकारी के अनुसार, चांपा से भोजपुर मार्ग की ओर जाने वाले अंडरब्रिज से बाहर निकलते ही रेलवे क्षेत्र के समीप कुछ लोगों द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। रेलवे प्रशासन की ओर से पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य बंद करने और किए गए अवैध निर्माण को हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने की जानकारी मिलने के बाद रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
शनिवार को रेलवे प्रशासन का अमला पुलिस और राजस्व अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचा। टीम ने पहले मौके का निरीक्षण किया और इसके बाद बुलडोजर की मदद से निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान आसपास लोगों की भीड़ भी जुटी रही।
10 सितंबर को भी होगी कार्रवाई
रेलवे अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रेलवे की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारी के अनुसार, आगामी 10 सितंबर को भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है।
रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि कार्रवाई के बाद दोबारा रेलवे क्षेत्र में अवैध निर्माण करने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में रेलवे क्षेत्र में किए गए अन्य अतिक्रमणों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की जा सकती है।




