कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: 1372 बोरी उर्वरक जब्त, खाद की कालाबाजारी पर कसा शिकंजा




जांजगीर-चांपा। आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को पर्याप्त एवं सुचारू रूप से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में कृषि विभाग ने जिले में उर्वरक वितरण में पाई गई गंभीर अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 1372 बोरी उर्वरक जब्त किए हैं।
उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा के निर्देश पर प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं के आधार पर 05 जून को जिले के दो निजी उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड एवं भंडारित उर्वरकों में गंभीर विसंगतियां पाए जाने पर विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में खाद जब्त कर लिया।
कार्रवाई के तहत विकासखंड नवागढ़ के ग्राम पोड़ी स्थित मेसर्स सुरेश कुमार अग्रवाल के यहां से 1000 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट एवं 272 बोरी एनपीके उर्वरक जब्त किया गया। वहीं ग्राम तुस्मा स्थित मेसर्स पटेल खाद भंडार से 100 बोरी यूरिया जब्त की गई।
जांच के दौरान संबंधित विक्रेताओं द्वारा उर्वरकों के क्रय संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके अलावा स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं पाया गया तथा पीओएस मशीन में प्रदर्शित स्टॉक और गोदाम में उपलब्ध वास्तविक भंडारण के बीच भी भारी अंतर मिला। प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत संबंधित गोदामों में रखे उर्वरकों को जब्त कर लिया।
उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की कृत्रिम कमी पैदा कर कालाबाजारी करने, अवैध भंडारण करने अथवा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कृषि विभाग की लगातार हो रही कार्रवाइयों से जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी करने वाले व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा अभिलेखों का नियमित संधारण करने की चेतावनी भी दी है।




