छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा के ग्राम लछनपुर में 3 एकड़ सरकारी खेल मैदान पर निजी स्कूल की नजर, कागजों में खेलकूद के नाम पर लीज, हकीकत में कब्जा वैध करने का खेल


जांजगीर-चांपा। ग्राम लछनपुर के एकमात्र सार्वजनिक खेल मैदान की 03 एकड़ सरकारी जमीन को निजी स्कूल को लीज पर देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में राजस्व विभाग द्वारा जारी इश्तेहार और पटवारी की जांच रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए हैं।

नायब तहसीलदार जांजगीर कार्यालय द्वारा दिनांक 29/09/2026 को जारी इश्तेहार क्रमांक 252/ना.तह./वा.-2/2026 के अनुसार ग्राम लछनपुर की शासकीय भूमि खसरा नं. 200/1 का 01 एकड़ और खसरा नं. 950/1 का 02 एकड़ कुल 03 एकड़ जमीन को सर्वांगिण विकास शिक्षा समिति (हसदेव पब्लिक स्कूल) को खेलकूद हेतु लीज पर देने का प्रस्ताव है। इस पर 24/10/2026 तक आम जनता से आपत्ति बुलाई गई है।

पटवारी रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

पटवारी हल्का नं. 05 लछनपुर की रिपोर्ट के अनुसार सर्वांगिण विकास शिक्षा समिति के पास ग्राम में खसरा नं. 158/2 और 158/3 में कुल 1.618 हेक्टेयर भूमि पहले से मौजूद है, जिसका डायवर्सन हसदेव पब्लिक स्कूल के नाम पर 25/02/2019 को हो चुका है।

रिपोर्ट में यह भी दर्ज है कि मौके पर समिति का कब्जा 153.5 x 64.5 मीटर पर होने के साथ-साथ शासकीय खसरा नं. 200/1 क पर 87 x 20 मीटर (0.174 हेक्टेयर) पर भी कब्जा है।

अब जिस खसरा नं. 200/1 पर पहले से कब्जा होना रिपोर्ट में दर्ज है, उसी खसरा की जमीन को दोबारा लीज पर देने का प्रस्ताव चर्चा का विषय बना हुआ है।

20 साल से खेल मैदान, 2014-15 में बनी है बाउंड्रीवाल

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार यह भूमि पिछले कई वर्षों से सार्वजनिक खेल मैदान के रूप में उपयोग में है। ग्राम पंचायत लछनपुर द्वारा वर्ष 2014-15 में इस मैदान की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया गया था। पंचायत अभिलेखों में इसका उल्लेख मौजूद है।

बिना ग्राम सभा के लीज प्रक्रिया पर सवाल

छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार सार्वजनिक उपयोग की भूमि के अंतरण से पहले ग्राम पंचायत और ग्राम सभा की सहमति का प्रावधान है। इस पूरे प्रस्ताव में ग्राम सभा की प्रक्रिया को लेकर भी गांव में चर्चा तेज है।

Related Articles

Back to top button