चांपा में भव्य दशहरा उत्सव की तैयारी तेज, 50 फीट के रावण का होगा दहन


अभिनेत्री जयाप्रदा और अनुज शर्मा का नाइट शो होंगे आकर्षण, सुरक्षा से लेकर लाइव प्रसारण तक के इंतजाम
जांजगीर-चांपा। चांपा नगर में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले दशहरा उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 20 अक्टूबर को भालेराव मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस बार आयोजन में परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम देखने को मिलेगा।


आयोजन के दौरान करीब 50 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। पुतलों के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। आधुनिक रिमोट कंट्रोल तकनीक से रावण दहन किया जाएगा। इसके साथ ही अत्याधुनिक पटाखों की रंग-बिरंगी आतिशबाजी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।

जयाप्रदा की प्रस्तुति, अनुज शर्मा का नाइट शो
दशहरा उत्सव में फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा की मौजूदगी और विशेष प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। वहीं छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा का नाइट शो भी आयोजित किया जाएगा। भगवान श्रीराम के राम दरबार की भव्य झांकी के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।



50 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना
आयोजन में करीब 40 से 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन समिति और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की तैयारी की जा रही है। पुलिस बल के साथ वॉलिंटियर्स तैनात रहेंगे। पूरे आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। इतना ही नहीं मैदान के चारों ओर बैरिकेडिंग भी की जा रही है ताकि सुरक्षा में किसी तरह की चूक ना हो।
दर्शकों की सुविधा के लिए मैदान के बाहर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। वहीं यूट्यूब, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा, ताकि मैदान तक नहीं पहुंच पाने वाले लोग भी घर बैठे दशहरा उत्सव का आनंद ले सकें।




