प्रकाश इंडस्ट्रीज में दर्दनाक हादसा, 8 फीट ऊंचाई से गिरने पर मजदूर की मौत



प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गोरेलाल कंवर (42 वर्ष) निवासी ग्राम कुम्हारी खुर्द के रूप में हुई है। वह इलेक्ट्रिकल कार्य से जुड़ा था और ठेकेदार श्याम लाल साहू के अधीन काम कर रहा था।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच गोरेलाल लगभग 8 फीट ऊंचाई पर चढ़कर लोहे के स्ट्रक्चर के एंगल की कटाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक एंगल टूटकर नीचे गिर गया और उसके साथ गोरेलाल भी नीचे आ गिरा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद प्लांट प्रबंधन ने प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल जांजगीर भेजा गया। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं तथा सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। मजदूर की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल है।



