छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में अवैध अप्रवासियों पर पुलिस की सख्ती, SP विजय कुमार पाण्डेय ने जारी किए सख्त निर्देश

जांजगीर-चांपा पुलिस की ओर से अपील

जांजगीर-चांपा, 20 जुलाई। जिले में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। उन्होंने कहा कि जिले की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम नागरिकों, मकान मालिकों और संस्थानों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

SP ने बताया कि किराए पर मकान देने से पहले किरायेदार का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य है। साथ ही आधार कार्ड, फोटो एवं मोबाइल नंबर का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए। ठेकेदारों, राइस मिलों, फैक्ट्रियों और अन्य संस्थानों को भी नए कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

होटल, लॉज और धर्मशालाओं को प्रत्येक आगंतुक का पहचान पत्र लेकर रजिस्टर में प्रविष्टि करने तथा संदिग्ध व्यक्ति मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने को सूचना देने के लिए कहा गया है। सभी संस्थानों को आगंतुक एवं कर्मचारी रजिस्टर का नियमित संधारण करने तथा CCTV कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, बाहरी व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905, पुलिस कंट्रोल रूम 9479193199 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस के शासकीय वाहनों पर भी टोल-फ्री नंबर प्रदर्शित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन आसानी से सूचना दे सकें। साथ ही चेतावनी दी कि किरायेदारों की जानकारी छिपाने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 224 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम एवं सीएसपी योगिताबाली खापर्डे भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button