15 साल से एक ही पंचायत में जमे सचिवों पर गिरी गाज, जिला पंचायत ने दिए तत्काल तबादले के निर्देश




जांजगीर-चांपा। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में लंबे समय से एक ही ग्राम पंचायत में पदस्थ पंचायत सचिवों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक ही ग्राम पंचायत में 15 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत पंचायत सचिवों का प्रथम चरण में तत्काल स्थानांतरण किया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि 5 वर्ष से अधिक समय से एक ही ग्राम पंचायत में पदस्थ सचिवों की सूची तैयार कर चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरण की कार्रवाई की जाए, ताकि प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यों में निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप स्थानांतरण की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कर इसकी जानकारी जिला पंचायत को उपलब्ध कराई जाए। इस निर्णय को पंचायत प्रशासन में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ कर्मचारियों के स्थानांतरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




