विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय-सीमा में पूरे हों सभी काम : प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी



मेडिकल कॉलेज, नालंदा परिसर समेत बड़े प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने के निर्देश; विद्युत व्यवस्था और सड़कों की स्थिति पर भी जताई नाराजगी
जांजगीर-चांपा, 20 अगस्त 2026। जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने गुरुवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों एवं विभिन्न विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं।
बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आम जनता की समस्याओं का हो त्वरित निराकरण
प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े कार्यों का समय पर निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भ्रष्टाचार एवं लापरवाही के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसी शिकायतें सामने नहीं आनी चाहिए। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज और नालंदा परिसर के काम में तेजी के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य बड़े निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंडों का पालन करने तथा गुणवत्ता की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और उन्हें तेजी के साथ पूरा किया जाए।
साथ ही जिले की प्राथमिकता वाले आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बिजली व्यवस्था को लेकर जताई नाराजगी
बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा फॉल्ट या अन्य तकनीकी समस्या आने पर उसका शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण आम नागरिकों को बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से रखी जाएं।
क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की तत्काल मरम्मत
बारिश के कारण सड़कों में हुए गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को लेकर भी प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों की स्थिति खराब हुई है, उनकी प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान श्री चौधरी ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकांश कार्य सीधे आम नागरिकों और ग्रामीणों से जुड़े हैं। इसलिए राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अनावश्यक देरी से बचने और शिकायतों की स्थिति निर्मित नहीं होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।
पीएम सूर्यघर और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा
प्रभारी मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों के घर गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल स्थापित करने तथा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने हितग्राहियों को समय पर किस्त जारी करने और योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।
महतारी वंदन योजना के शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी जल्द कराने के निर्देश
महतारी वंदन योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएं।
उन्होंने वीबी-जी राम जी के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
किसानों को उद्यानिकी और नैनो उर्वरकों के प्रति जागरूक करने पर जोर
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में फल एवं सब्जी उत्पादन की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा में खाद एवं बीज की उपलब्धता और भंडारण की जानकारी ली गई। उन्होंने किसानों के बीच नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर सख्ती
प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
ई-ऑफिस, ई-अटेंडेंस और कानून व्यवस्था की भी समीक्षा
बैठक में ई-ऑफिस एवं ई-अटेंडेंस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। इसके साथ ही जिले की कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।




