जांजगीर से चांपा तक बनेगी फोरलेन सड़क? वित्त मंत्री ने प्रशासन को सौंपा जिम्मा

जांजगीर-चांपा फोरलेन सड़क निर्माण की मांग को मिली रफ्तार, वित्त मंत्री ने दिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा। जिले की बहुप्रतीक्षित जांजगीर-चांपा फोरलेन सड़क निर्माण की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी से भाजपा नेताओं ने इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को शीघ्र स्वीकृति दिलाने की मांग की।
भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला महामंत्री नंद चौधरी, भाजपा प्रवक्ता विकास शर्मा एवं मंडल अध्यक्ष हितेश यादव ने वित्त मंत्री के समक्ष बताया कि जांजगीर से चांपा तक का मार्ग जिले के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। बढ़ते यातायात दबाव के कारण फोरलेन सड़क की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने जिला कलेक्टर को तत्काल विस्तृत परियोजना प्रस्ताव (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की सुविधा एवं क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता दे रही है और इस मांग पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि फोरलेन सड़क बनने से यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम होगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा व्यापार, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी। यह परियोजना जांजगीर एवं चांपा विधानसभा क्षेत्रों के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भाजपा नेताओं ने मांग पर त्वरित संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने के लिए वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।




