वायरल वीडियो मामले में कलेक्टर सख्त, जांच में दोषी पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 25 जून 2026। कलेक्टोरेट के एक कर्मचारी से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट किया है कि शासकीय सेवा में अनुशासन, मर्यादा एवं आचरण नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता, परिस्थितियों एवं संबंधित कर्मचारी की भूमिका की विस्तृत जांच की जाएगी। यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है तथा कर्मचारी का आचरण शासकीय सेवा नियमों, आचार संहिता एवं विभागीय निर्देशों के विपरीत पाया जाता है, तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि शासकीय कर्मचारियों से गरिमामय एवं जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है। किसी भी कर्मचारी द्वारा पद की गरिमा के प्रतिकूल कार्य करना अथवा सेवा नियमों का उल्लंघन करना गंभीर विषय है, जिस पर प्रशासन की नजर है।
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से की जाएगी तथा तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को शासकीय कार्यप्रणाली में जवाबदेही, पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




