छत्तीसगढ़

बम्हनीडीह को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात: हसदेव पर पुल, बिजली सब डिवीजन कार्यालय और मंगल भवन की घोषणा

पार्षदो शपथ ग्रहण समारोह

जांजगीर-चांपा, 2 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बम्हनीडीह नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर क्षेत्र के विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल निर्माण, बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय तथा सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की।

अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना का शपथ

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है। नगर पंचायतें केवल प्रशासनिक इकाइयाँ नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं को साकार करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना एवं सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए पारदर्शी, संवेदनशील और विकासोन्मुख कार्यशैली अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री का उद्बोधन

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल आधारभूत ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि आम नागरिकों का जीवन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों के हित में लिए गए निर्णय, महतारी वंदन योजना तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर जैसी योजनाओं के माध्यम से सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बम्हनीडीह नगर पंचायत जनभागीदारी, सुशासन और विकास का आदर्श मॉडल बनकर उभरेगी तथा क्षेत्र की नई पहचान बनेगी।

इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button