आधी रात घायल गौ माता की सेवा के लिए दौड़े गौसेवक राहुल यादव, पेश की मानवता और गौसेवा की मिसाल



जांजगीर-चांपा/बिरगहनी। जिले में गौसेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब आधी रात सड़क दुर्घटना में घायल हुई गौ माता की सूचना मिलते ही बिरगहनी निवासी गौसेवक राहुल यादव बिना देर किए उपचार सामग्री लेकर मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे बसंतपुर से आए कुछ लोगों की गौ माता का दर्राभाठा के पास सड़क दुर्घटना में एक्सीडेंट हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बिरगहनी निवासी गौसेवक राहुल यादव को फोन कर इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही राहुल यादव अपने साथ आवश्यक उपचार सामग्री लेकर तत्काल बिरगहनी चौक पहुंचे और घायल गौ माता का प्राथमिक उपचार शुरू किया। देर रात होने के बावजूद उन्होंने बिना किसी स्वार्थ और बिना समय की परवाह किए पूरी जिम्मेदारी के साथ गौ माता की सेवा की। उनकी तत्परता से घायल गौ माता को समय पर उपचार मिल सका।

स्थानीय लोगों ने राहुल यादव की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो किसी भी समय बेजुबान पशुओं की मदद के लिए आगे आते हैं। गौसेवा के प्रति उनका समर्पण और संवेदनशीलता दूसरों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण है।
क्षेत्रवासियों ने राहुल यादव के इस मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में ऐसे गौसेवकों का सम्मान होना चाहिए, जो निस्वार्थ भाव से गौवंश की रक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।



