छत्तीसगढ़

चौतरिया नाला उफान पर: पुल के ऊपर 5 फीट पानी, जनपद पंचायत सीईओ रोहित कुमार नायक व पूर्व जनपद अध्यक्ष कन्हैयालाल राठौर ने किया निरीक्षण, लोगों से पुल पार नहीं करने की अपील

सीईओ बलौदा के द्वारा नाला का निरीक्षण करते हुए

बलौदा। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनपद पंचायत बलौदा अंतर्गत ग्राम बोकरेल पहुंच मार्ग स्थित चौतरिया नाला उफान पर है। नाले के पुल के ऊपर से लगभग 5 फीट ऊंचाई तक पानी बह रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। तेज बहाव के कारण पुल पार करना जानलेवा साबित हो सकता है और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जनपद पंचायत बलौदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रोहित कुमार नायक ने मौके पर पहुंचकर चौतरिया नाला और पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने जलस्तर एवं बहाव की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, लगातार निगरानी रखने तथा लोगों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक जलस्तर सामान्य नहीं हो जाता, तब तक किसी भी व्यक्ति को पुल पार करने की अनुमति न दी जाए तथा आवश्यकता अनुसार पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।

निरीक्षण के दौरान पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री कन्हैयालाल राठौर भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार करने का प्रयास न करे। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी नागरिक प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण चौतरिया नाला पूरी तरह उफान पर है। तेज बहाव के चलते दोपहिया, चारपहिया वाहन तो दूर, पैदल आवाजाही भी पूरी तरह बंद हो गई है। इससे आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है और लोगों को दैनिक कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने भी आम नागरिकों से अपील की है कि उफनते नालों एवं पुलों को पार करने का प्रयास न करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। जनहित में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।

Related Articles

Back to top button