साप्ताहिक जनदर्शन में पहुंचे 66 आवेदन, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश


जांजगीर-चांपा, 28 जुलाई 2026। जिला कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत कीं। जनदर्शन के दौरान कुल 66 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनदर्शन में ग्राम बसंतपुर निवासी रमेश कुमार पटेल ने भू-अधिकार पुस्तिका में सुधार, चंदनियापारा जांजगीर की जमुना यादव ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, ग्राम दुरपा की चंद्रिका देवी सहिस ने पेंशन स्वीकृति, चांपा निवासी मदनलाल देवांगन ने आवासीय पट्टे के नामांतरण, अकलतरा निवासी अजय कुमार ने प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत ऋण तथा ग्राम औराई कला निवासी सुखी राम पटेल ने मुआवजा राशि दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।
इसके अतिरिक्त सीमांकन, नामांतरण, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं अन्य जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों में भी आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।



