गांव के विकास की तस्वीर तय करने ग्रामीणों ने खुलकर रखी अपनी बात


जांजगीर-चांपा, 20 अगस्त 2026। जिले के ग्रामीण अंचलों में आज जनसंवाद 2.0 – विकसित भारत ग्राम संकल्प के तहत विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके अधिकारों, रोजगार के अवसरों तथा पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्यों में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।

ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने केवल योजनाओं की जानकारी ही नहीं ली, बल्कि अपने गांव की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को भी प्राथमिकता के साथ सामने रखा। सड़क, पेयजल, रोजगार, मजदूरी भुगतान तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों ने अपनी राय रखी और विकास कार्यों को लेकर सुझाव दिए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की गई। ‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ गतिविधि में ग्रामीणों ने जरूरी कार्यों का चयन किया, जबकि ‘विकसित भारत संदेश कार्ड’ के जरिए अपने विचार और सुझाव साझा किए। वहीं ‘जनता पूछे-पंचायत बताए’ संवाद में पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और शिकायतों से संबंधित सवालों पर चर्चा हुई।
बलौदा, नवागढ़, अकलतरा और बम्हनीडीह जनपद पंचायतों की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को रोजगार अधिकार और शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रावधानों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपने गांव की प्राथमिकताओं को सामने रखते हुए विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि ग्राम स्तर पर लोगों की भागीदारी से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने में मदद मिलेगी।
जनसंवाद 2.0 के माध्यम से ग्रामीणों की आवाज को पंचायत की विकास प्रक्रिया से जोड़ने तथा गांव के विकास में जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।




