सेवा संकल्प अभियान 2026: जावलपुर में लगा सेवा सेतु शिविर



आजीविका ऋण मेले में 336 प्रकरणों में 7.615 करोड़ रुपये प्रेषित, 235 प्रकरणों में 10.9475 करोड़ रुपये स्वीकृत
जांजगीर-चांपा, 05 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत बलौदा विकासखंड के अटल समरसता भवन जावलपुर में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई। पात्र हितग्राहियों को मौके पर योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। अतिथियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
आजीविका ऋण मेले में करोड़ों की राशि
शिविर के दौरान आयोजित आजीविका ऋण मेले में ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों से जोड़ने की पहल की गई। मेले में 336 प्रकरणों में 7.615 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित, जबकि 235 प्रकरणों में 10.9475 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई। वहीं 99 प्रकरणों में 5.37 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया।
शिविर में कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 109 आवेदन मांग से संबंधित तथा 1 आवेदन शिकायत से संबंधित था।
विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ
शिविर में ट्रायसायकल, जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख एवं जॉब कार्ड वितरित किए गए। मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया गया।
इस दौरान नई लखपति दीदियों का सम्मान भी किया गया। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने अपनी आर्थिक गतिविधियों की जानकारी साझा की। विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण के चेक के साथ हितग्राहीमूलक सामग्री भी वितरित की गई।
स्वास्थ्य जांच की भी सुविधा
शिविर स्थल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पोर्टेबल एक्स-रे, एनसीडी जांच एवं नेत्र परीक्षण की सुविधा प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया।
इसके अलावा शिविर में गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, प्रदेश प्रवक्ता किसान मोर्चा इंजीनियर रवि पांडे ,पूर्व विधायक चुन्नी लाल साहू, जिला पंचायत सदस्य बबीता रात्रे, उमा राठौर, जनपद पंचायत अध्यक्ष शारदा सनत देवांगन, उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।




