पटवारियों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, दो निलंबित; हड़ताल करने वालों को ब्रेक इन सर्विस का नोटिस!


जांजगीर-चांपा में प्रशासन सख्त, एक पर काम में लापरवाही तो दूसरे पर जुआ अधिनियम के तहत दर्ज अपराध बना कार्रवाई का आधार; 156 में से महज 15 पटवारी लौटे काम पर
जांजगीर-चांपा, 01 नवंबर 2026। जिले में पटवारियों की हड़ताल और कार्यप्रणाली को लेकर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। राजस्व व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मामलों में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं हड़ताल पर अड़े पटवारियों को भी प्रशासन ने चेतावनी देते हुए ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी कर दिया है। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवरीनारायण एवं जांजगीर द्वारा जारी अलग-अलग आदेशों में पटवारी हल्का नंबर 13, तहसील शिवरीनारायण में पदस्थ धर्मेंद्र यादव को कर्तव्य में लापरवाही और अनधिकृत अनुपस्थिति के चलते निलंबित किया गया है। बताया गया कि उनकी लगातार अनुपस्थिति से नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फौती, अभिलेख दुरुस्ती, डिजिटल क्रॉप सर्वे, फसल गिरदावरी और धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण सरकारी काम प्रभावित हो रहे थे। पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी होने के बावजूद कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की।
वहीं दूसरी कार्रवाई पटवारी ज्योतिष कुमार सर्वे के विरुद्ध की गई है। उनके खिलाफ वर्ष 2025 में सिटी कोतवाली जांजगीर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। आपराधिक प्रकरण के अन्वेषणाधीन होने और शासकीय सेवक के पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
156 में से केवल 15 पटवारी काम पर, बाकी को नोटिस
सबसे अहम बात यह है कि जिले में कुल 156 पटवारियों में से महज 15 पटवारी ही काम पर वापस लौटे हैं। इनमें 13 परिवीक्षाधीन पटवारी और दो ऐसे पटवारी शामिल हैं, जो हड़ताल में शामिल ही नहीं हुए थे। शेष पटवारियों को प्रशासन ने ब्रेक इन सर्विस का नोटिस जारी किया है।
पटवारियों की अनुपस्थिति से आम जनता के राजस्व संबंधी काम प्रभावित होने की स्थिति के बीच प्रशासन की इस कार्रवाई को हड़ताल के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नोटिस के बाद हड़ताल पर डटे पटवारी काम पर लौटते हैं या प्रशासन और पटवारियों के बीच टकराव का यह मामला और आगे बढ़ता है।
दोनों निलंबित पटवारियों का मुख्यालय संबंधित तहसील कार्यालय निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।



