अपराधकोरबाचांपाछत्तीसगढ़जांजगीरभ्रष्टाचारमनोरंजनराजनीति

बिरगहनी में व्यवस्था की खुली पोल! फटी पाइपलाइन पर ट्यूब बांधकर जिम्मेदारों ने झाड़ा पल्ला, गंदे पानी और बदबू से जनता बेहाल

वार्ड क्रमांक 12 में नाली के नीचे क्षतिग्रस्त पाइपलाइन का स्थायी सुधार नहीं; क्या किसी बड़ी बीमारी या हादसे के बाद जागेगा प्रशासन? कलेक्टर तक पहुंची शिकायत, फिर भी कार्रवाई का इंतजार

चांपा (जांजगीर-चांपा)। विकास और स्वच्छता के दावों की जमीनी हकीकत देखनी हो तो बिरगहनी के वार्ड क्रमांक 12 की इस गली में पहुंच जाइए। यहां नाली के नीचे से गुजर रही पाइपलाइन फट चुकी है, लेकिन व्यवस्था सुधारने के बजाय ऑपरेटर द्वारा पाइपलाइन पर ट्यूब बांधकर अस्थायी जुगाड़ कर दिया गया है। यह जुगाड़ भी समस्या का समाधान नहीं बन सका। गली में गंदा और बदबूदार पानी बह रहा है, नाली एवं चैंबर के आसपास कचरे का ढेर जमा है और स्थानीय लोग दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर हैं।

पाइपलाइन फटी, ट्यूब बांधी और जिम्मेदारी खत्म!

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकारी व्यवस्था में पाइपलाइन की मरम्मत का यही तरीका रह गया है? आखिर स्थायी समाधान कराने के बजाय ट्यूब बांधकर खानापूर्ति क्यों की जा रही है? क्या संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति देखने की जरूरत भी नहीं समझी? यदि पाइपलाइन की मरम्मत संभव है तो अब तक कराई क्यों नहीं गई और यदि अस्थायी व्यवस्था की गई है तो उसे स्थायी रूप कब दिया जाएगा?

गंदगी के बीच गुजर रहे स्कूली बच्चे, बीमारी का खतरा

गली में फैला गंदा पानी और उठती दुर्गंध स्थानीय परिवारों के लिए रोजाना की परेशानी बन चुकी है। राहगीरों और स्कूली बच्चों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। जलभराव के कारण मच्छरों के पनपने और संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है। सवाल यह है कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

कलेक्टर तक पहुंची तस्वीरें, अब अधिकारियों की परीक्षा

क्षेत्र की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय निवासी विकास शर्मा ने मौके के फोटोग्राफ्स और पूरी जानकारी पीडीएफ के माध्यम से जिला कलेक्टर को व्हाट्सएप पर भेजी है। दूरभाष के जरिए भी समस्या से अवगत कराया गया है। अब मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंच चुका है। ऐसे में संबंधित विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। देखना होगा कि प्रशासन केवल शिकायत प्राप्त होने तक सीमित रहता है या मौके पर जांच कराकर जवाबदेह अधिकारियों से जवाब भी मांगता है।

जनता का सवाल—आखिर कब तक चलेगा ट्यूब वाला विकास?

बिरगहनी के वार्ड क्रमांक 12 के रहवासियों को किसी अस्थायी जुगाड़ की नहीं, बल्कि स्थायी समाधान की जरूरत है। मांग है कि तत्काल फटी पाइपलाइन की तकनीकी जांच कराकर स्थायी मरम्मत की जाए, नाली एवं चैंबर की सफाई कराई जाए और गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अब सवाल सिर्फ एक पाइपलाइन का नहीं, बल्कि जिम्मेदार व्यवस्था की जवाबदेही का है। जब आम नागरिकों को गंदगी और दुर्गंध के बीच जीने को मजबूर होना पड़े, तब विकास के दावों की वास्तविकता खुद-ब-खुद सामने आ जाती है। प्रशासन को चाहिए कि किसी बीमारी या अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना तत्काल कार्रवाई करे।

Related Articles

Back to top button