छत्तीसगढ़

बिरगहनी में फटी पाइपलाइन पर ट्यूब का जुगाड़, गंदे पानी और बदबू से जनता बेहाल! जिला स्वीकृति के इंतजार में मरम्मत

वार्ड क्रमांक 12 की बदहाल सड़क और नाली ने खोली व्यवस्था की पोल, कलेक्टर तक पहुंची शिकायत; सरपंच बोलीं– गौण खनिज मद से मरम्मत के लिए भेजा प्रस्ताव

चांपा (जांजगीर-चांपा)। विकास और स्वच्छता के दावों के बीच बिरगहनी ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 12 की बदहाल तस्वीर व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। यहां नाली के नीचे से गुजर रही पाइपलाइन फटने के कारण गली में गंदा और बदबूदार पानी बह रहा है। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन पर स्थायी मरम्मत कराने के बजाय ट्यूब बांधकर अस्थायी जुगाड़ किया गया है। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। नाली एवं चैंबर के आसपास कचरा और बोरियां जमा हैं, जिससे स्थानीय रहवासियों को दुर्गंध और गंदगी के बीच जीवन बिताना पड़ रहा है।

फटी पाइपलाइन पर ट्यूब का जुगाड़, कब होगा स्थायी समाधान?

मौके की तस्वीरें खुद बदहाली की कहानी बयां कर रही हैं। गली में बहते गंदे पानी और दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों, राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी हो रही है। जलभराव के चलते मच्छरों के पनपने और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। सवाल यह है कि आखिर कब तक लोग इस अव्यवस्था का सामना करते रहेंगे? अस्थायी जुगाड़ से समस्या का स्थायी समाधान कैसे संभव है?

कलेक्टर तक पहुंची शिकायत, तस्वीरों के साथ प्रशासन का ध्यान आकर्षित

क्षेत्र की समस्या को लेकर स्थानीय निवासी विकास शर्मा ने मौके के फोटोग्राफ्स एवं विस्तृत विवरण पीडीएफ के माध्यम से जिला कलेक्टर को व्हाट्सएप पर भेजा है। साथ ही दूरभाष के जरिए भी समस्या से अवगत कराया गया है। अब क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक कार्रवाई और स्थायी समाधान का इंतजार है।

सरपंच ने दिया जवाब, गौण खनिज मद से मरम्मत का प्रस्ताव जिला पंचायत को भेजा

मामले में ग्राम पंचायत बिरगहनी की सरपंच शकुंतला पाटले ने बताया कि नाली एवं पाइपलाइन की मरम्मत के लिए ग्राम पंचायत द्वारा जिला पंचायत को गौण खनिज मद से राशि स्वीकृत किए जाने हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। जिला पंचायत से स्वीकृति प्राप्त होते ही नाली एवं क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्या को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

अब जनता का सवाल—स्वीकृति तक गंदे पानी से कैसे मिलेगी राहत?

सरपंच के जवाब के बाद अब निगाहें जिला पंचायत की स्वीकृति पर टिकी हैं। लेकिन जब तक प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिलती, तब तक गली में बह रहे गंदे पानी और दुर्गंध से लोगों को राहत कैसे मिलेगी? क्या स्वीकृति आने तक नाली की सफाई और जल निकासी के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी?

क्षेत्रवासियों की मांग है कि जिला पंचायत प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय ले, पाइपलाइन की स्थायी मरम्मत कराई जाए तथा नाली एवं चैंबर की तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए।

फिलहाल बिरगहनी के वार्ड क्रमांक 12 के लोगों को आश्वासन नहीं, राहत का इंतजार है। अब देखना यह होगा कि जिला पंचायत से स्वीकृति कब मिलती है और कागजों में प्रस्तावित मरम्मत धरातल पर कब दिखाई देती है।

Related Articles

Back to top button