छत्तीसगढ़

सिउड़ में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान महिला ने पिया जहर, कांग्रेस ने प्रशासन पर उठाए सवाल

नागेंद्र गुप्ता का आरोप – भाजपा शासन में गरीबों को प्रताड़ित किया जा रहा, यह घटना प्रशासनिक आतंकवाद का परिचायक

जांजगीर-चांपा। नवागढ़ विकासखंड के सिउड़ गांव में शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक गरीब महिला द्वारा कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने की घटना ने जिले में हलचल मचा दी है। इस घटना के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया, गरीब परिवारों के साथ व्यवहार और अतिक्रमण हटाने में कथित भेदभाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नागेंद्र गुप्ता ने इस मामले में भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।

नागेंद्र गुप्ता ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे भाजपा के कथित ‘प्रशासनिक आतंकवाद’ का परिचायक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। सिउड़ की घटना इस बात की गंभीर चेतावनी है कि प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखना कितना जरूरी है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिउड़ गांव में धान खरीदी केंद्र के पास स्थित शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम, तहसीलदार, पंचायत प्रतिनिधि और धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां अपनी बेटी के साथ एक छोटी सी झोपड़ीनुमा संरचना में रहने वाली महिला ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

बताया जा रहा है कि महिला ने करीब छह महीने पहले ईंट और टीन की छत से लगभग तीन फीट ऊंचा छोटा सा आश्रय बनाया था और उसमें अपनी बेटी के साथ रह रही थी। कार्रवाई के दौरान महिला ने भय और दबाव के चलते यह कदम उठाया, ऐसा आरोप लगाया गया है।

50 हजार रुपये मांगने और जेसीबी से मकान तोड़ने की धमकी का आरोप

इस मामले में सबसे गंभीर आरोप करीब 50 हजार रुपये की कथित मांग को लेकर सामने आया है। आरोप है कि गांव के एक जनप्रतिनिधि और धान खरीदी केंद्र से जुड़े एक व्यक्ति ने अतिक्रमण नहीं हटाने के एवज में महिला से 50 हजार रुपये मांगे थे। रकम नहीं देने पर जेसीबी से मकान तोड़ने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।

पीड़िता की मां ने भी आरोप लगाया है कि धान खरीदी केंद्र के आसपास अन्य बड़े कब्जे मौजूद होने के बावजूद प्रशासन ने उनकी गरीब बेटी की छोटी सी झोपड़ी को निशाना बनाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

अस्पताल में उपचार, पुलिस ने दर्ज किया बयान

घटना के बाद महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, घटना के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोककर टीम को वापस लौटना पड़ा और मौके पर डायल 112 को बुलाया गया।

नवागढ़ पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला का बयान दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने बयान में तीन लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। अब पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गरीब की झोपड़ी पर कार्रवाई, बड़े कब्जों पर चुप्पी क्यों?

इस घटना ने प्रशासन के सामने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण था तो क्या नियमानुसार सभी संबंधित कब्जों पर समान कार्रवाई की जा रही है? क्या महिला को पर्याप्त अवसर और सुनवाई का अधिकार दिया गया था? 50 हजार रुपये मांगने और धमकी देने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कब होगी?

फिलहाल यह मामला केवल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि एक गरीब महिला की सुरक्षा, सम्मान और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा गंभीर विषय बन गया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस इन आरोपों पर क्या कार्रवाई करते हैं तथा कथित वसूली और प्रताड़ना के आरोपों की निष्पक्ष जांच कब तक पूरी होती है।

Related Articles

Back to top button