छत्तीसगढ़

खाद-बीज संकट और किसान समस्याओं को लेकर आज कलेक्टोरेट का घेराव, कांग्रेस का प्रदर्शन

खाद-बीज संकट और किसान समस्याओं को लेकर आज कलेक्टोरेट का घेराव, कांग्रेस का प्रदर्शन

जांजगीर-चांपा। जिले में खाद-बीज की कमी और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर किसान कांग्रेस गुरुवार 11 जून को कलेक्टोरेट घेराव करेगी। किसान कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शन के दौरान कचहरी चौक में धरना दिया जाएगा, जिसके बाद पैदल मार्च करते हुए कलेक्टोरेट का घेराव किया जाएगा।

किसान कांग्रेस का आरोप है कि खरीफ सीजन की शुरुआत के बावजूद किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कई किसानों को निजी दुकानों से अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसी सहित विभिन्न किसान हितैषी मांगों को लेकर आंदोलन आयोजित किया गया है।

जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष कमल कका ने बताया कि अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेशभर में किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक कचहरी चौक में धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

9 सूत्रीय प्रमुख मांगें

  • प्रति एकड़ धान खरीदी में की गई कटौती वापस ली जाए।
  • किसानों को तीन बार खाद वितरण की व्यवस्था समाप्त की जाए।
  • आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए।
  • डीजल-पेट्रोल की सुगम आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए जेरिकेन पर लगी पाबंदी हटाई जाए।
  • खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाई जाए।
  • कृषि ऋण की सीमा बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ की जाए।
  • किसानों को कृषि उपज का एकमुश्त भुगतान किया जाए।
  • रबी सीजन में उत्पादित धान की भी सोसायटी के माध्यम से खरीदी की जाए।
  • किसानों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों का शीघ्र निराकरण किया जाए।

कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, विधायक व्यास कश्यप, विधायक राघवेंद्र सिंह, विधायक हरबंस सिंह, कांग्रेस नेता बालेश्वर साहू, किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हुसैन सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं किसान शामिल होंगे।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button