छत्तीसगढ़

खाद संकट और कालाबाजारी से परेशान किसानों ने पूर्व विधायक देवांगन से लगाई गुहार, जन आंदोलन की चेतावनी

पाँच गाँवों के जनसंपर्क कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं से रूबरू हुए पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन

जांजगीर-चांपा, 14 जून 2026। पाँच गाँवों के जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन ने ग्राम भडेसर, सेंद्री, दर्री, घुठिया एवं खैरा का दौरा कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं किसानों से मुलाकात की। इस दौरान किसानों ने खेती-किसानी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

किसानों ने बताया कि खेती का समय आ चुका है, लेकिन यूरिया खाद की भारी कमी बनी हुई है। पहले प्रति एकड़ कृषि भूमि पर दो बोरी यूरिया खाद उपलब्ध कराया जाता था, जिसे घटाकर एक बोरी कर दिया गया है। इसके बावजूद किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रही है। किसानों का आरोप है कि सरकारी दर 266 रुपये प्रति बोरी होने के बावजूद उन्हें बाजार से लगभग 1000 रुपये प्रति बोरी की दर से खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

किसानों ने डीजल की उपलब्धता में भी समस्या बताते हुए कहा कि कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी से किसान वर्ग परेशान है और शासन-प्रशासन से तत्काल राहत की मांग कर रहा है।

पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन ने किसानों की समस्याओं के निराकरण हेतु समुचित पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को राहत दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर जन आंदोलन भी किया जाएगा।

इस अवसर पर मंडल कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व जनपद सदस्य दिनेश पांडे, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चिंताराम राठौर, सेक्टर अध्यक्ष देवराम साहू, पूर्व सरपंच लक्ष्मी पटेल, पूर्व सरपंच परमा कश्यप, धंसे पटेल, कमलकांत पटेल, हर्ष मिश्रा, गोपाल साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button