छत्तीसगढ़

दीपावली से पहले बिजली मेंटेनेंस का शेड्यूल जारी, लछनपुर फीडर की बिजली 12 अक्टूबर को रहेगी बंद

मड़वा बिजली विभाग ने जारी किया आदेश, सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रभावित रहेगी विद्युत आपूर्ति

लछनपुर। दीपावली पर्व से पहले बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के मड़वा वितरण केंद्र द्वारा 11 केवी फीडरों में प्री-दीपावली मेंटेनेंस कार्य का शेड्यूल जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, विभिन्न फीडरों में मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के दौरान संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

कनिष्ठ यंत्री (विद्युत), मड़वा वितरण केंद्र द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 267 के अनुसार, लछनपुर फीडर में 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली बंद रहेगी। इस दौरान ग्राम लछनपुर, बस्ती लछनपुर, बाबाडेरा एवं बसंतपुर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना है।

इसी क्रम में मड़वा फीडर में 14 एवं 15 अक्टूबर, कृष्णा विहार फीडर में 16 अक्टूबर, न्यू बिरगहनी फीडर में 21 अक्टूबर तथा ओल्ड बिरगहनी फीडर में 22 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मेंटेनेंस कार्य प्रस्तावित है। इसके अलावा अन्य फीडरों के लिए भी नवंबर के शुरुआती दिनों तक अलग-अलग तिथियों में कार्य निर्धारित किया गया है।

बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से की अपील

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता के अनुसार बिजली बंद रहने के समय में परिवर्तन किया जा सकता है। उपभोक्ताओं से ऊर्जा बचाने, बिजली बिलों का नियमित भुगतान करने तथा विद्युत उपकरणों का उपयोग सावधानीपूर्वक करने की अपील की गई है।

उपभोक्ताओं से आग्रह है कि 12 अक्टूबर को निर्धारित समय से पहले पानी भरने, मोबाइल एवं अन्य आवश्यक उपकरण चार्ज करने सहित जरूरी कार्य निपटा लें, ताकि बिजली बंद रहने के दौरान असुविधा से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button