छत्तीसगढ़

दहशत फैलाने वाले बदमाश पर पुलिस का बड़ा वार, जिला बदर की अनुशंसा

अवैध रेत कारोबार और गुंडागर्दी पर पुलिस का शिकंजा, आदतन बदमाश के जिला बदर की तैयारी

जांजगीर-चांपा, 19 जून 2026। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवागढ़ थाना क्षेत्र के आदतन गुंडा बदमाश राकेश यादव के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की अनुशंसा की है। पुलिस द्वारा तैयार विस्तृत प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर जांजगीर-चांपा को भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में की गई जांच में सामने आया कि राकेश यादव लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इसके अलावा उसके खिलाफ मारपीट, धमकी, बलवा और शांति भंग करने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था। कई लोग उसके खिलाफ खुलकर शिकायत करने से भी डरते थे। ऐसे में उसके आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों का विस्तृत परीक्षण किया गया।

जांच में यह पाया गया कि आरोपी की मौजूदगी क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है। इसी आधार पर उसके खिलाफ जिला बदर (Externment) की कार्रवाई किए जाने हेतु संपूर्ण दस्तावेज और अपराधों का विवरण संलग्न कर कलेक्टर कार्यालय को भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध, अवैध कारोबार और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button