छत्तीसगढ़

चांपा में शोतोकान कराटे चयन ट्रायल आयोजित, विधायक ब्यास कश्यप ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

चांपा। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर में कराटे एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में शोतोकान कराटे चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप के लिए आयोजित इस ट्रायल में जिलेभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक ब्यास कश्यप रहे। इस अवसर पर सुनील साधवानी, अनिल मोदी, बलबीर सिंह ढिल्लों, हरीश पांडेय, किशन आदित्य, शांति साहू, पद्माकर कश्यप, अंशु यादव सहित अनेक कांग्रेसजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में विधायक ब्यास कश्यप ने कराटे एसोसिएशन छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित चयन ट्रायल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ आगामी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर खिलाड़ी जांजगीर-चांपा और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से खिलाड़ी निश्चित रूप से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं।

विधायक ने आयोजन की सफलता के लिए आयोजन समिति को बधाई देते हुए कोच रामू भैना एवं मुरली के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों प्रशिक्षक क्षेत्र के युवाओं को शोतोकान कराटे में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं, जो जिले के लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button