छत्तीसगढ़

जांजगीर के टी.सी.एल. कॉलेज में सजी मूट कोर्ट, छात्रों ने एनडीपीएस एक्ट पर किया प्रभावशाली न्यायालयीन प्रदर्शन

जांजगीर-चांपा। शासकीय टी.सी.एल. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जांजगीर के विधि विभाग द्वारा आयोजित मूट कोर्ट प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी कानूनी समझ, तार्किक क्षमता और वकालत कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) पर आधारित एक काल्पनिक प्रकरण की सुनवाई वास्तविक न्यायालय की तर्ज पर आयोजित की गई, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने न्यायाधीश, लोक अभियोजक, बचाव पक्ष के अधिवक्ता, पुलिस अधिकारी, गवाह और आरोपी की भूमिका निभाते हुए न्यायालयीन कार्यवाही का जीवंत मंचन किया। गवाहों से जिरह, साक्ष्यों का परीक्षण, कानूनी धाराओं का उल्लेख और दोनों पक्षों की प्रभावशाली दलीलों ने पूरे वातावरण को वास्तविक अदालत जैसा बना दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विधि के विद्यार्थियों को न्यायालयीन प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना, उनमें तार्किक विश्लेषण, विधिक अनुसंधान, वकालत कौशल तथा आत्मविश्वास का विकास करना था। कार्यक्रम का मार्गदर्शन सहायक प्राध्यापक डॉ. अभय सिन्हा एवं विधि विभागाध्यक्ष डॉ. आभा सिन्हा ने किया। उन्होंने कहा कि मूट कोर्ट जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को न्यायिक प्रक्रिया की गहन समझ देने के साथ उन्हें भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.आर. लहरे की अध्यक्षता में आयोजन संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के व्यावहारिक एवं शैक्षणिक आयोजनों के नियमित आयोजन का संकल्प व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button