सूर्यवंशी समाज अफरीद सतगंवा परिक्षेत्र का चुनाव संपन्न, डुग्गू राम प्रधान बने नए अध्यक्ष





जांजगीर-चांपा। सूर्यवंशी समाज अफरीद सतगंवा परिक्षेत्र का वार्षिक चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समाज के सर्वांगीण विकास एवं संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित चुनाव में समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों एवं सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संपन्न हुए चुनाव में डुग्गू राम प्रधान को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समाज के लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
नई कार्यकारिणी में धासीराम तांब्रे को सचिव, भोलूराम सूर्यवंशी को कोषाध्यक्ष, परसराम सूर्यवंशी को उपकोषाध्यक्ष (निर्विरोध), भरत गढ़वाल को शिक्षा सचिव (निर्विरोध) तथा कृष्णा टंडन को मीडिया प्रभारी (निर्विरोध) चुना गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डुग्गू राम प्रधान ने समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के विकास, शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को संगठित करने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने समाज के सभी लोगों से सहयोग और एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
चुनाव के सफल आयोजन पर समाज के वरिष्ठजनों ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए आशा जताई कि नई टीम समाजहित में बेहतर कार्य करेगी।




