151वें वर्ष में सार्वजनिक अखंड श्रीरामनाम सप्ताह यज्ञ का भव्य आयोजन


चांपा। नगर के हटवारा क्षेत्र में सार्वजनिक अखंड श्रीरामनाम सप्ताह यज्ञ का 151वां वर्ष श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। 17 से 25 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में सप्ताहभर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन का शुभारंभ 17 अगस्त को भव्य राम रथ यात्रा के साथ हुआ। बड़े मठ मंदिर से निकली राम रथ यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए हटवारा स्थित आयोजन स्थल पहुंची। बाजे-गाजे और जय श्रीराम के जयघोष के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हाथों में प्रभु श्रीराम की ध्वजा लिए श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। आयोजन स्थल पहुंचने के बाद विधि-विधान से भगवान श्रीरामचंद्र की प्रतिमा एवं मूर्ति की स्थापना की गई।
आयोजन समिति के अनुसार, पूरे सप्ताह स्थानीय कलाकारों, भजन मंडलियों के साथ ही बाहर से आने वाले कलाकारों द्वारा भजन, कीर्तन एवं धार्मिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

21 अगस्त को शाम 7:30 बजे महाआरती एवं छप्पन भोग का विशेष आयोजन होगा। वहीं 24 अगस्त को नगर कीर्तन एवं राम नाम सप्ताह की पूर्णता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 25 अगस्त को हवन एवं पूर्णाहुति के साथ नौ दिवसीय आयोजन का समापन होगा।
आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक घृत ज्योति कलश की भी व्यवस्था की गई है। 151वें वर्ष के इस आयोजन को लेकर हटवारा क्षेत्र सहित पूरे चांपा नगर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। आयोजकों ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।
उक्त जानकारी कसेर समाज के सदस्य रूपेश कुमार एवं रितेश कुमार महाराणा ने दी।




