हाईकोर्ट के आदेश के बाद डॉ. लोकेन्द्र कश्यप की जिला अस्पताल में वापसी, मरीजों को मिलेगी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा


जांजगीर-चांपा। जिला अस्पताल में उपचार कराने आने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) छत्तीसगढ़ ने हाईकोर्ट बिलासपुर के आदेश का पालन करते हुए ईएमडी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. लोकेन्द्र कश्यप की सेवाएं पुनः बहाल करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस निर्णय के बाद जिला अस्पताल में मेडिसिन विशेषज्ञ की सेवाएं दोबारा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. लोकेन्द्र कश्यप की संविदा सेवा समाप्त किए जाने के आदेश को उन्होंने हाईकोर्ट बिलासपुर में चुनौती दी थी। मामले की सुनवाई के बाद माननीय हाईकोर्ट ने 24 जून 2026 को 11 मई 2026 के सेवा समाप्ति आदेश को निरस्त कर दिया और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
हाईकोर्ट के फैसले के अनुपालन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ ने 10 जुलाई 2026 को आदेश जारी करते हुए डॉ. कश्यप की सेवा बहाल कर दी। आदेश उप संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा जारी किया गया है, जिसके बाद उनकी पुनः पदस्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
डॉ. कश्यप की वापसी से जिला अस्पताल में मेडिसिन विभाग को मजबूती मिलेगी। लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी के कारण मरीजों को उपचार के लिए बिलासपुर, रायगढ़ और रायपुर जैसे बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। अब गंभीर एवं जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ परामर्श और उपचार मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों ने इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अनुभवी मेडिसिन विशेषज्ञ की उपलब्धता से न केवल उपचार व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि मरीजों को समय पर इलाज मिलने के साथ आर्थिक और मानसिक परेशानियों से भी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग को भी उम्मीद है कि विशेषज्ञ सेवाओं की बहाली से जिला अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।



