जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता: 48 घंटे में तीन मंदिरों की 16.60 लाख की चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी हिरासत में


जांजगीर-चांपा, 05 अगस्त। जिले में लगातार तीन मंदिरों में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का जांजगीर-चांपा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया लगभग 16 लाख 60 हजार रुपये मूल्य का शत-प्रतिशत माल, घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर तथा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, 1-2 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर तथा ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर को निशाना बनाया था। चोरों ने चांदी के छत्र, मुकुट, चक्र, सोने के आभूषण, दान पेटी एवं नगदी सहित लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी। तीनों मामलों में संबंधित थानों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय स्वयं घटनास्थलों का निरीक्षण कर साइबर टीम एवं संबंधित थाना पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थलों के आसपास के लगभग 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार युवकों की गतिविधियां सामने आने के बाद साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पहले आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपा हुआ बरामद किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी घटना से एक दिन पहले ही चोरी की योजना बना चुके थे। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे भारी कर्ज में डूबे होने के कारण चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए प्रेरित हुए।
गिरफ्तार आरोपी:
- प्रशांत पटेल (23 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़।
- प्रभात पटेल (18 वर्ष 2 माह), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़।
- परमानंद पटेल (25 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़।
- एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक।
पूरे ऑपरेशन में साइबर थाना, नवागढ़ थाना और बम्हनीडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने टीम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है।




