जांजगीर-नैला और चांपा रेलवे स्टेशन की सुविधाओं को लेकर विधायक व्यास कश्यप ने महाप्रबंधक को सौंपे पत्र



यात्री सुविधाओं के विस्तार, नए एफओबी, सुरक्षा व्यवस्था और प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उठाई मांग
जांजगीर-चांपा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन के महाप्रबंधक के 01 अक्टूबर को जांजगीर-नैला एवं चांपा रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात हुई। इस दौरान जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से जुड़ी यात्री सुविधाओं एवं रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर महाप्रबंधक को दो अलग-अलग पत्र सौंपे।
विधायक कश्यप ने जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत मिशन के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में यात्रियों को हो रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए निर्माण सामग्री के व्यवस्थित रख-रखाव तथा स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की।
उन्होंने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2, 3 और 4 की ओर पश्चिमी केबिन क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त फुट ओवरब्रिज (FOB) निर्माण की मांग रखी। उनका कहना है कि वर्तमान व्यवस्था के कारण बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं बीमार यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
दिव्यांगों के लिए रैंप और स्वच्छता व्यवस्था की मांग
विधायक ने स्टेशन पर दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक रैंप, प्लेटफॉर्म की स्वच्छता, शौचालय एवं मूत्रालय की व्यवस्था में सुधार तथा पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग भी की।
इसके अलावा रात्रि के समय स्टेशन परिसर में बाहरी लोगों के ठहरने की समस्या को देखते हुए रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई, ताकि यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य यात्रियों को सुरक्षा संबंधी परेशानी न हो।
प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग
विधायक द्वारा सौंपे गए दूसरे पत्र में जांजगीर-नैला एवं चांपा रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है।
चांपा रेलवे स्टेशन पर ज्ञानेश्वरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, दरभंगा एक्सप्रेस एवं समरस्ता एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी गई। वहीं जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर गोंडवाना एक्सप्रेस एवं साउथ बिहार एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है।
इसके साथ ही जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास लंबे समय से प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज के निर्माण की स्वीकृति तथा ग्राम कन्हाईबंद के पास स्थित अंडरब्रिज से जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन तक सड़क के चौड़ीकरण एवं कांक्रीटीकरण की मांग भी विधायक ने रखी।
विधायक व्यास कश्यप ने रेलवे महाप्रबंधक से दोनों पत्रों में उल्लेखित मांगों पर आवश्यक परीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई एवं स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जांजगीर-नैला और चांपा रेलवे स्टेशन जिले के महत्वपूर्ण यात्री केंद्र हैं तथा यहां यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं के विस्तार से जिलेवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।




