छत्तीसगढ़

कृषि विज्ञान केन्द्र में जिला स्तरीय जैविक कृषि कार्यशाला संपन्न, 500 से अधिक किसानों ने लिया हिस्सा

जांजगीर, 15 जून 2026। कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में कृषि विज्ञान केन्द्र जांजगीर में जिला स्तरीय एक दिवसीय जैविक कृषि कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक किसानों एवं किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के वरिष्ठ नेता नारायण चंदेल रहे। उन्होंने अपने संबोधन में किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए इसके लाभों और खेती की लागत कम करने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, संगठन प्रभारी रामदेव कुमावत, किसान मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह चंदेल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष भुवनेश्वर साहू, जिला पंचायत सदस्य उमा राजेन्द्र राठौर, आशा साव सहित किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने किसानों को विभाग द्वारा संचालित जैविक खेती मिशन एवं नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बीजामृत, जीवामृत, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, नील हरित काई, वर्मी कम्पोस्ट तथा कम्पोस्ट खाद के निर्माण एवं उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

ग्राम मंहत के प्रगतिशील कृषक आशीष सिंह ने जैविक खेती, सफेद चंदन एवं विभिन्न फलदार फसलों की खेती के अपने अनुभव किसानों के साथ साझा किए।

कार्यशाला के दौरान 200 से अधिक किसानों को निःशुल्क नैनो डीएपी, नैनो यूरिया तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कृषि पंचांग 2026 का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती की ओर प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना रहा। किसानों ने कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए ऐसी गतिविधियों के नियमित आयोजन की मांग की।

Related Articles

Back to top button