माउंट एवरेस्ट फतह कर लौटीं अमिता श्रीवास, कलेक्टर से की सौजन्य भेंट


जांजगीर-चांपा। जिले की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट को सफलतापूर्वक फतह कर जांजगीर-चांपा जिले एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। एवरेस्ट अभियान से लौटने के बाद उन्होंने कलेक्टर जन्मेजय महोबे से सौजन्य भेंट कर अपने अभियान के अनुभव साझा किए।


कलेक्टर श्री महोबे ने अमिता श्रीवास को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अमिता ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के बल पर विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचकर प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
भेंट के दौरान अमिता श्रीवास ने एवरेस्ट अभियान के दौरान सामने आई चुनौतियों, कठिन मौसम परिस्थितियों और शिखर तक पहुंचने के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी कठिन लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान भी उपस्थित रहे। जिलेवासियों ने अमिता श्रीवास की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।



