यातायात व्यवस्था सुधारने प्रशासन की कार्रवाई, बैरियर चौक से हटाया गया अतिक्रमण


जांजगीर-चांपा। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्ग चांपा बैरियर चौक पर वर्षों से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। राजस्व विभाग और नगर पालिका परिषद चांपा की टीम ने बुलडोजर की सहायता से अवैध कब्जे हटाए तथा मौके पर रखे गए कुछ सामानों को भी जब्त किया।

बताया जा रहा है कि बैरियर चौक पर सड़क किनारे अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण के कारण प्रतिदिन यातायात प्रभावित हो रहा था। कई बार जाम की स्थिति बनने से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।

अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। समझाइश के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया।

अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद चांपा की अधिकारी शीतल चंद्रवंशी अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं। वहीं तहसीलदार प्रशांत पटेल के नेतृत्व में राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी कार्रवाई को संपन्न कराया।
तहसीलदार प्रशांत पटेल ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
प्रशासन ने यह भी बताया कि जिन छोटे व्यापारियों का अतिक्रमण हटाया गया है, उन्हें सरकार की पौनी-पसारी योजना के तहत विकसित स्थल पर व्यवस्थित रूप से व्यवसाय करने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर रहे और उनके रोजगार पर भी प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।




