बिजली महंगी, जनता परेशान; कांग्रेस ने खोला भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा



बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, बिजली कार्यालय का घेराव कर मुख्यमंत्री का पुतला दहन


जांजगीर-चांपा। जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के जिलाध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में की गई बेतहाशा वृद्धि के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी निर्णय लेकर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। बिजली दरों में की गई वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी एवं मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। एक ओर महंगाई चरम पर है, वहीं दूसरी ओर बिजली की बढ़ी हुई दरों ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती-किसानी के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिजली बिलों का बोझ उठाना पड़ रहा है। सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल वसूली करने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ की जनता महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते खर्चों से पहले ही परेशान है। ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि कर भाजपा सरकार ने गरीब, किसान और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और इस जनविरोधी फैसले का पुरजोर विरोध करेगी।”
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष धरना देकर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया तथा बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही बिजली दर वृद्धि वापस नहीं ली तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। 🥀🙏🏻🇮🇳
“जनता पर अत्याचार नहीं सहेंगे, बिजली दर वृद्धि वापस लो” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।



