चांपा में हथियारों के साथ घूम रहे चार संदिग्ध गिरफ्तार, क्रेटा कार से चाकू और लोहे की रॉड बरामद


बरपाली चौक के पास पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए चारों आरोपी, चोरी-नकबजनी की तैयारी की आशंका; न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
चांपा। नवरात्रि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चांपा पुलिस की सतर्कता से हथियारों के साथ घूम रहे चार संदिग्धों को पकड़ने में सफलता मिली है। पुलिस ने बरपाली चौक के पास घेराबंदी कर एक क्रेटा कार क्रमांक CG 04 NH 7770 के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान कार से दो बड़े धारदार चाकू, लोहे की रॉड, बड़ा पेचकस, जूट का बोरा और तार बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध हथियार दिखाकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को पकड़ा। बरामद सामान के आधार पर पुलिस को चोरी एवं नकबजनी की तैयारी की आशंका है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने लिहास अली (24 वर्ष), निवासी फरहदा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर; मुकेश यादव (30 वर्ष), शबान (26 वर्ष) और साबीर खान (24 वर्ष), तीनों निवासी चिल्हाटी, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में पहले से चोरी, नकबजनी सहित अन्य अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने थाना चांपा में अपराध क्रमांक 553/26, धारा 112(2) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
एसपी के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में नवरात्रि पर्व को देखते हुए लगातार पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश शेण्डे सहित चांपा पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
अग्निपथ न्यूज़ | सच की ज्वाला, जनता की आवाज




