हादसे का इंतजार कर रहा है चांपा प्रशासन? 60 पटाखा दुकानों के बीच सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे!


एसडीएम और सीएमओ के आश्वासन हवा-हवाई? दुकानें सजने लगीं, लेकिन कार्रवाई नदारद; अब कलेक्टर के हस्तक्षेप का इंतजार
जांजगीर-चांपा। दीपावली पर लोगों के घर रोशनी से जगमगाने की तैयारी है, लेकिन चांपा के भालेराय मैदान में सज रहा पटाखा बाजार कहीं खुशियों को मातम में न बदल दे! मैदान में करीब 60 अस्थायी पटाखा दुकानें तैयार की जा रही हैं। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी नहीं होने, एक-दूसरे से सटाकर दुकानें बनाए जाने और तिरपाल जैसी सामग्री के इस्तेमाल को लेकर सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बारूद और ज्वलनशील सामग्री के बीच ऐसी लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
अधिकारी आश्वासन दे रहे, जमीन पर व्यवस्था कौन देख रहा?
हैरानी की बात यह है कि मामला स्थानीय प्रशासन के संज्ञान में है। आज एक बार फिर एसडीएम शशि चौधरी से टेलीफोन पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी दुकान संचालक को दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी गई है। सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन होने के बाद ही अनुमति दी जाएगी। इससे पहले भी निगरानी के लिए अधिकारियों की नियुक्ति और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। नगर पालिका चांपा की सीएमओ शीतल चंद्रवंशी ने भी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
लेकिन सवाल यह है कि जब अनुमति जारी नहीं हुई है, तो करीब 60 दुकानें तैयार कैसे हो रही हैं? क्या निर्माण के दौरान किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया? क्या दुकानों के बीच निर्धारित दूरी और अग्निशमन व्यवस्था की जांच हुई? या फिर प्रशासन किसी अनहोनी के बाद जांच और कार्रवाई की औपचारिकता पूरी करेगा?
बारूद के बाजार में लापरवाही की गुंजाइश आखिर क्यों?
पटाखा बाजार कोई सामान्य दुकान या सब्जी बाजार नहीं है, जहां सुरक्षा में छोटी-मोटी चूक को नजरअंदाज किया जा सके। यहां विस्फोटक और ज्वलनशील सामग्री का कारोबार होगा। हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचेंगे। बच्चों और महिलाओं की भी बड़ी संख्या में आवाजाही रहेगी। ऐसे में दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी, अग्निशमन यंत्र, पानी, आपातकालीन रास्ते और दमकल वाहनों की पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
यदि दो दुकानों के बीच आग फैल गई तो कुछ ही मिनटों में पूरा बाजार इसकी चपेट में आ सकता है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या प्रशासन ने किसी संभावित दुर्घटना से निपटने की पूरी तैयारी कर ली है?
अब कलेक्टर से उम्मीद, आश्वासन नहीं तत्काल कार्रवाई चाहिए
स्थानीय प्रशासन के आश्वासनों के बावजूद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल बने हुए हैं। ऐसे में अब जिला कलेक्टर को तत्काल हस्तक्षेप कर पूरे पटाखा बाजार का निरीक्षण कराने की आवश्यकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों का निर्माण रुकवाया जाए और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित होने तक किसी भी दुकान को संचालन की अनुमति न दी जाए।
आखिर प्रशासन की जिम्मेदारी केवल अनुमति देने और आदेश जारी करने तक सीमित नहीं है। आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा भी प्रशासन की जवाबदेही है।
बड़ा सवाल—क्या चांपा प्रशासन किसी बड़े हादसे की खबर सुर्खियों में आने का इंतजार कर रहा है? हादसे के बाद जांच बैठाने और जिम्मेदारों की तलाश करने से बेहतर है कि समय रहते लापरवाही पर लगाम लगाई जाए। दीपावली खुशियों का त्योहार है, किसी की जिंदगी दांव पर लगाने का नहीं!




