आबकारी विभाग में प्रशासनिक सर्जरी, जांजगीर-चांपा को मिला नया सहायक आयुक्त

ओवर रेटिंग की शिकायतों के बीच आबकारी विभाग में बड़ा फेरबदल, 30 अधिकारियों के तबादले
रायपुर। प्रदेशभर में शराब दुकानों से ओवर रेटिंग की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच आबकारी विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विभाग द्वारा जारी आदेश में 30 अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तबादला करते हुए कई जिलों में नई पदस्थापनाएं की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से विभिन्न जिलों से निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बिक्री की शिकायतें सामने आ रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मैदानी स्तर पर व्यवस्था सुधारने के निर्देश जारी किए थे। कुछ मामलों में संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था।
इसी बीच विभाग ने व्यापक स्तर पर तबादला आदेश जारी कर कई जिला आबकारी अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। वहीं कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए स्वतंत्र प्रभार दिया गया है।
तबादला सूची में जांजगीर-चांपा जिले का नाम भी शामिल है। विभागीय आदेश के अनुसार योगेश्वर कुमार द्विवेदी को जांजगीर-चांपा जिले का नया सहायक आयुक्त आबकारी बनाया गया है। उनके पदभार संभालने के बाद जिले में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था को लेकर नई रणनीति देखने को मिल सकती है।
आबकारी विभाग के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


जांजगीर-चांपा आबकारी विभाग में बदलाव, योगेश्वर कुमार द्विवेदी होंगे नए सहायक आयुक्त
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य कर (आबकारी) विभाग द्वारा जारी तबादला आदेश के तहत जांजगीर-चांपा जिले के सहायक आयुक्त आबकारी का स्थानांतरण कर दिया गया है। विभागीय आदेश के अनुसार योगेश्वर कुमार द्विवेदी को जांजगीर-चांपा जिले का नया सहायक आयुक्त आबकारी नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत आबकारी विभाग के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में योगेश्वर कुमार द्विवेदी को जांजगीर-चांपा जिले की जिम्मेदारी दी गई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, नए सहायक आयुक्त के पदभार ग्रहण करने के बाद जिले में आबकारी विभाग की गतिविधियों, राजस्व संग्रहण एवं अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर नई रणनीति पर कार्य किया जा सकता है।
तबादला आदेश जारी होने के बाद विभागीय हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अब सभी की नजरें नए सहायक आयुक्त के कार्यभार ग्रहण करने और उनकी प्राथमिकताओं पर टिकी हुई हैं।



