छत्तीसगढ़

विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम के प्रति जागरूकता के लिए 20 अगस्त को ग्राम सभाओं में होगा जनसंवाद 2.0

जांजगीर-चांपा, 19 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में जिले की ग्राम सभाओं में 20 अगस्त को जनसंवाद 2.0 – विकसित भारत ग्राम संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों, रोजगार के अधिकार, पारदर्शिता एवं जनभागीदारी के प्रति जागरूक करना तथा ग्राम विकास में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

जनसंवाद 2.0 के अंतर्गत ग्रामीणों से गांव की विकास प्राथमिकताओं को जानने के लिए “मेरे गांव की प्राथमिकता” वोटिंग वॉल, रोजगार के अधिकार के प्रति जागरूकता हेतु “125 दिन रोजगार – मेरा अधिकार” शपथ, ग्रामीणों के सुझावों के लिए विकसित भारत संदेश कार्ड तथा रोजगार, भुगतान एवं शिकायत निवारण जैसे विषयों पर “जनता पूछे – पंचायत बताए” संवाद मंच का आयोजन किया जाएगा।

ग्राम सभा के समापन अवसर पर तिरंगे के साथ “मेरा गांव – मेरा संकल्प, विकसित भारत का मजबूत आधार” का सामूहिक संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं एवं ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।

जनसंवाद 2.0 के माध्यम से ग्राम सभा को ग्रामीणों की आवाज, सुझाव एवं विकास प्राथमिकताओं को सामने लाने वाला सहभागी मंच बनाने की पहल की गई है। इसके जरिए ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं अधिकारों की जानकारी देने के साथ-साथ गांव के विकास से जुड़े निर्णयों में उनकी भागीदारी को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button