पहली बारिश में ही खुली व्यवस्थाओं की पोल, लछनपुर मार्ग पर जलभराव से राहगीर परेशान

जांजगीर-चांपा। जिले में मानसून की हल्की बारिश ने ही सड़कों की बदहाल स्थिति और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। पहली ही बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। खासकर जांजगीर-चांपा को जोड़ने वाले लछनपुर मार्ग पर सड़क पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क पर जलभराव के कारण गड्ढे पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है। कई वाहन चालक सावधानीपूर्वक धीमी गति से गुजरने को मजबूर हैं, जबकि पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या जस की तस बनी रहती है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग द्वारा समय रहते नालियों की सफाई और सड़क मरम्मत नहीं कराई जाती, जिससे थोड़ी सी बारिश में भी सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं।

ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान निकाला जाए।

इस संबंध में जनपद पंचायत बलौदा के उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत ने कहा कि लछनपुर मार्ग पर जलभराव की समस्या गंभीर है। उन्होंने बताया कि मामले को संबंधित विभाग और जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया जाएगा तथा आवश्यक मरम्मत कार्य और जल निकासी व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने के लिए पहल की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।




