छत्तीसगढ़

जिला पंचायत जांजगीर-चांपा को मिले नए सीईओ: विनय कुमार पोयाम ने संभाली कमान, कार्यालय का किया निरीक्षण

जांजगीर-चांपा, 13 जुलाई 2026। जिला पंचायत जांजगीर-चांपा के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री विनय कुमार पोयाम ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान सीईओ श्री गोकुल रावटे ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। पदभार ग्रहण के अवसर पर जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

पदभार ग्रहण करने से पूर्व श्री पोयाम ने कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे से सौजन्य भेंट कर उनका मार्गदर्शन एवं शुभकामनाएं प्राप्त कीं। इसके पश्चात उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेनो कक्ष, आवक-जावक शाखा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), विकसित भारत-जी राम जी, सामाजिक अंकेक्षण शाखा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पंचायत कक्ष, समाज कल्याण कक्ष सहित अन्य शाखाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर विभागीय कार्यों की जानकारी भी ली।

नवपदस्थ सीईओ श्री पोयाम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने, शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि जिले के विकास कार्यों में और अधिक गति लाई जा सके।

इस अवसर पर वरिष्ठ लेखाधिकारी श्री रूपेश पाठक, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नवपदस्थ सीईओ के पदभार ग्रहण से जिला पंचायत में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button