छत्तीसगढ़

चांपा थाना अभिरक्षा में आरोपी की मौत के बाद बड़ी कार्रवाई, आरक्षक ईश्वरी राठौर निलंबित

पुलिस अधीक्षक का आदेश जारी, घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता के चलते रक्षित केंद्र जांजगीर किया गया संबद्ध

चांपा। थाना चांपा में आबकारी प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी शिव साहिस उर्फ गुल्लू की उपचार के दौरान मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा थाना घेराव कर पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए जाने के बीच अब पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है।

जिला जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, थाना चांपा के अपराध क्रमांक 478/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के प्रकरण में आरक्षक क्रमांक 836 ईश्वरी राठौर के विरुद्ध घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने का उल्लेख करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।

आरोपी की मौत के बाद घिरा था थाना

बताया गया कि महुआ शराब के प्रकरण में गिरफ्तार मेहंदीपारा निवासी शिव साहिस उर्फ गुल्लू की गिरफ्तारी के बाद तबीयत बिगड़ गई थी। उसे उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना के बाद परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने चांपा थाना पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने पुलिस पर गिरफ्तारी के दौरान मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की मांग की थी।

निलंबन आदेश से जांच को मिला नया मोड़

पुलिस विभाग की ओर से आरक्षक ईश्वरी राठौर के खिलाफ की गई निलंबन कार्रवाई के बाद मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि, निलंबन आदेश में कार्रवाई का आधार घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बताया गया है; आरोपी की मौत के लिए किसी पुलिसकर्मी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराने का निष्कर्ष इस आदेश में नहीं दिया गया है।

अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय रिकॉर्ड, गिरफ्तारी एवं अभिरक्षा से जुड़े दस्तावेज तथा जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि शिव साहिस की तबीयत किन परिस्थितियों में बिगड़ी और उसकी मौत की वास्तविक वजह क्या थी।

फिलहाल आरक्षक के निलंबन की कार्रवाई ने चांपा थाना अभिरक्षा में हुई मौत के मामले में जांच और जवाबदेही को लेकर नई दिशा जरूर दे दी है।

Related Articles

Back to top button